Yamunanagar News | शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे कर्मचारी : सफाई कार्य में नहीं डालेंगे बाधा | निगम आयुक्त से हुई बैठक

नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद और अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने मंगलवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। बैठक में कर्मचारियों की मांगों और चल रहे प्रदर्शन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। निगम प्रशासन ने कर्मचारियों से शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने और शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं करने की अपील की।
बैठक में नगर पालिका कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने निगम प्रशासन को आश्वासन दिया कि कर्मचारी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान सफाई कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं पहुंचाई जाएगी।
निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों को बताया कि स्थानीय स्तर से संबंधित कर्मचारियों की मांगों को निगम प्रशासन की ओर से पूरा किया जा चुका है। प्रदेश स्तर से संबंधित मांगों को लेकर सरकार के स्तर पर बातचीत चल रही है।
उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को लेकर गंभीर है। जो विषय नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। कर्मचारियों की प्रदेश स्तरीय मांगों का समाधान संबंधित स्तर पर बातचीत के माध्यम से किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
निगम आयुक्त ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करना कर्मचारियों का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन प्रदर्शन के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से अपनी मांगें शांतिपूर्ण तरीके से रखने और सफाई कार्य को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
महाबीर प्रसाद ने कहा कि शहर में स्वच्छता बनाए रखना और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। ऐसे में कर्मचारियों और निगम प्रशासन के बीच आपसी समन्वय बनाए रखना जरूरी है।
बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा, नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य महासचिव मांगेराम तिगरा, शाखा प्रधान पपला और अग्निशमन राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने दोहराया कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा और सफाई कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं पहुंचाई जाएगी। निगम प्रशासन ने भी कर्मचारियों की मांगों को संबंधित स्तर पर समाधान के लिए उठाने की बात कही।



