Kurukshetra News | नहर में डूबा 13 वर्षीय छात्र वरुण : दोस्तों के साथ नहाने गया था | किनारे मिले कपड़े-चप्पल | गोताखोरों ने चलाया सर्च अभियान
गांव दबखेड़ी के पास नहर में 8वीं कक्षा का 13 वर्षीय छात्र वरुण डूब गया। जानकारी के अनुसार वरुण अपने तीन दोस्तों के साथ ट्यूशन से छुट्टी करके परिवार को बिना बताए नहर पर नहाने पहुंचा था। नहाते समय वह नहर के पानी में बह गया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे।
बताया गया कि वरुण कुरुक्षेत्र के बाहरी मोहल्ले में रहता है और 8वीं कक्षा में पढ़ता था। नहर किनारे उसके कपड़े और चप्पल बरामद हुए हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद तीन अन्य बच्चों ने गांव के लोगों को जानकारी दी, जिसके बाद गोताखोर प्रगट सिंह को भी सूचना दी गई।

गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नहर में सर्च अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि नहर किनारे तीन बच्चे बैठे रो रहे हैं। मौके पर पहुंचकर बच्चों से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि उनका दोस्त वरुण नहाते समय नहर में डूब गया है। इसके बाद पुलिस और वरुण के परिजनों को सूचना दी गई।
गोताखोर टीम ने नहर में काफी तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण वरुण का कोई सुराग नहीं लग सका। प्रगट सिंह के अनुसार अब सुबह दोबारा नहर में सर्च अभियान चलाया जाएगा।

वरुण के पिता ने बताया कि उनका बेटा घर से ट्यूशन जाने के लिए निकला था। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह दोस्तों के साथ नहर में नहाने चला गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और बेटे की तलाश में जुटे रहे।फिलहाल वरुण की तलाश के लिए सर्च अभियान जारी रखने की तैयारी है। पुलिस और गोताखोर टीम सुबह दोबारा नहर में तलाश करेगी।
Editor: गरिमा बागोतिया



