Kurukshetra News | मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में दो गिरफ्तार : चोरीशुदा बाइक बरामद | मुगल माजरा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

मोटरसाइकिल चोरी के मामले में अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशु उर्फ आशु और अमित कुमार उर्फ मीती, निवासी मुगल माजरा, जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार जलालपुर निवासी जसविन्द्र ने थाना शाहाबाद में मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि वह दोपहर करीब 3 बजे अपनी मोटरसाइकिल नौ गजा पीर मोहड़ी के पास टायर पंचर की दुकान के नजदीक खड़ी करके पीर पर माथा टेकने गया था।
माथा टेकने के बाद जब जसविन्द्र वापस लौटा तो उसकी मोटरसाइकिल वहां नहीं थी। उसने आसपास तलाश की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शिकायत के आधार पर थाना शाहाबाद में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच अपराध अन्वेषण शाखा-2 को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने अंशु उर्फ आशु और अमित कुमार उर्फ मीती को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर ली। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
Editor: गरिमा बागोतिया



