Kurukshetra News | EV कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत : 34 वर्षीय रणजीत ने तोड़ा दम | चालक पर केस दर्ज
कुरुक्षेत्र। अंबाला-हिसार नेशनल हाईवे-152D पर लोटनी गांव के पास एक EV कार और बाइक की टक्कर में 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान खेड़ी शहीदां निवासी रणजीत सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से चला गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुनानक नगर निवासी रशपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आढ़त की दुकान चलाता है। बीती रात वह लोटनी गांव के पास स्थित एक ढाबे से निकल रहा था। इसी दौरान उसका जानकार रणजीत सिंह बाइक पर सर्विस लेन से पिहोवा-अंबाला रोड की तरफ आया।

शिकायत के अनुसार इसी दौरान पिहोवा की तरफ से आई EV कार ने रणजीत सिंह की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रणजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कार तेज रफ्तार में थी और हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय मौके से चला गया।
रशपाल सिंह के अनुसार उसने कार का नंबर नोट कर लिया था। हादसे के बाद घायल रणजीत सिंह को पिहोवा के पास एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया।
परिजन रणजीत को कुरुक्षेत्र के एक मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रणजीत की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस वाहन और चालक की पहचान से जुड़े तथ्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Editor: नितिन यादव



