Kurukshetra News | बुलेट से पटाखे बजाना पड़ा महंगा : पुलिस ने काटा ₹20,500 का चालान | मॉडिफाइड साइलेंसर वालों को चेतावनी | नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

कुरुक्षेत्र। पिहोवा शहर में बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने वाले वाहन चालक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। यातायात नियमों की अवहेलना करने पर पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक का 20 हजार 500 रुपये का चालान किया है।
पिहोवा थाना प्रभारी सुनील वत्स ने बताया कि शहर में बुलेट और अन्य मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। इसी के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक वाहन चालक का चालान किया।

पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर या अन्य तरीके से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर आम लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

SHO सुनील वत्स ने कहा कि वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए और सड़क पर दूसरे लोगों की सुरक्षा एवं शांति का भी ध्यान रखना चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की। SHO ने कहा कि आसपास कोई व्यक्ति बुलेट या अन्य मोटरसाइकिल से इस प्रकार तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करता है तो इसकी जानकारी पुलिस को दी जा सकती है। शिकायत मिलने पर पुलिस नियमानुसार जांच कर कार्रवाई करेगी।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और शहर में अनावश्यक तेज आवाज से आम लोगों को होने वाली परेशानी को रोकना है।



