नूंह। मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सीआईए नूंह और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ : दो आरोपी घायल | पांच ऊंट बरामद
नूंह। जिले में पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अपराध जांच शाखा (सीआईए) नूंह की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर […]

नूंह। जिले में पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अपराध जांच शाखा (सीआईए) नूंह की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, सीआईए नूंह की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग पिकअप वाहन में ऊंटों को भरकर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात करीब 12:30 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन सवार आरोपियों ने भागने की कोशिश की।
पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। इसी दौरान आरोपियों और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने के बाद दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहिद पुत्र यूसुफ खान और मुस्तफा पुत्र नयूम, निवासी वार्ड नंबर-13, फिरोजपुर झिरका के रूप में हुई है।
पुलिस ने पिकअप वाहन की तलाशी ली तो उसमें पांच ऊंट रस्सियों से बंधे हुए मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन ऊंटों को वध के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है।
मामले में आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि पशु तस्करी के इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।





