Panchkula News | रोडीज़-रीबर्थ के ऑडिशन में उमड़ा युवाओं का जोश : पहली बार छह गैंग लीडर्स | OGs और NewGs के बीच होगा मुकाबला

चर्चित रियलिटी शो रोडीज़ अपने नए सीजन ‘रोडीज़-रीबर्थ’ के साथ लौट रहा है। इस बार शो के फॉर्मेट में बड़ा बदलाव किया गया है और पहली बार छह गैंग लीडर्स को शामिल किया गया है। दिल्ली के बाद पंचकूला-चंडीगढ़ ऑडिशन जर्नी का दूसरा पड़ाव बना, जहां बड़ी संख्या में युवा ऑडिशन देने पहुंचे।
नए सीजन की थीम OGs बनाम NewGs रखी गई है। शो में छह गैंग लीडर्स को दो गैंग में बांटा गया है। एक तरफ निखिल चिनापा, नेहा धूपिया और प्रिंस नरूला हैं, जबकि दूसरी तरफ अभिषेक मल्हान, बनी जे और बसीर अली नजर आएंगे। मेकर्स के अनुसार, दो गैंग वाले इस फॉर्मेट में अनुभव और नई पीढ़ी की रणनीतियों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। रणविजय सिंघा भी नए सीजन की जर्नी का हिस्सा हैं।

ऑडिशन से पहले पंचकूला और चंडीगढ़ में शो को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। गैंग लीडर नेहा धूपिया ने 50 से अधिक बाइकर्स के साथ बाइक रैली में हिस्सा लिया और रोटरैक्ट क्लब व आईबाइकर इंडिया के सदस्यों से बातचीत की। इसके बाद नेहा धूपिया और निखिल चिनापा ने सीपी67 मॉल में प्रशंसकों और युवाओं से मुलाकात की।
पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में ऑडिशन आयोजित किए गए। इसमें रोडीज़ का हिस्सा बनने के इच्छुक युवाओं ने अपनी प्रतिभा और क्षमता दिखाने का प्रयास किया। आयोजकों के मुताबिक, चंडीगढ़-पंचकूला ऑडिशन इस सीजन की ऑडिशन जर्नी का दूसरा पड़ाव रहा।
नेहा धूपिया ने कहा कि नए सीजन में दो गैंग का फॉर्मेट और OGs बनाम NewGs का मुकाबला इसे पहले से अलग बनाता है। उन्होंने पंचकूला-चंडीगढ़ में युवाओं से मिले उत्साह पर खुशी जताई और कहा कि ऑडिशन में ऐसे प्रतिभागियों की उम्मीद है जो अपनी प्रतिभा से सरप्राइज कर सकें।

निखिल चिनापा ने कहा कि ‘रीबर्थ’ के साथ गेम में नया डायनेमिक जुड़ा है। उनके मुताबिक OGs और NewGs के साथ अलग सोच और रणनीतियां सामने आएंगी। प्रिंस नरूला ने कहा कि वह कंटेस्टेंट और गैंग लीडर के रूप में रोडीज़ का हिस्सा रह चुके हैं और इस बार भी अपने अनुभव तथा रणनीति के साथ मुकाबले में उतरेंगे।
वहीं, बसीर अली ने कंटेस्टेंट से गैंग लीडर बनने की अपनी यात्रा को खास बताया। गैंग लीडर के रूप में डेब्यू कर रहे अभिषेक मल्हान ने कहा कि वह अपने अंदाज के साथ गैंग को लीड करने के लिए तैयार हैं। बनी जे ने कहा कि वह ऐसे प्रतिभागियों को देखना चाहती हैं जो चुनौतियों और दबाव के बीच खुद को साबित कर सकें।
आयोजकों के अनुसार, पंचकूला-चंडीगढ़ के बाद ‘रोडीज़-रीबर्थ’ की ऑडिशन जर्नी 10 सितंबर को कोलकाता और 12 सितंबर को पुणे में जारी रहेगी।
Editor: शिवानी राजपूत



