Yamunanagar News | सफाई-अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल 35वें दिन जारी : नरेश शास्त्री ने सरकार पर साधा निशाना

सफाई और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को 35वें दिन भी जारी रही। इसी बीच सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा और नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री यमुनानगर पहुंचे और हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
मीडिया से बातचीत में नरेश शास्त्री ने कहा कि कर्मचारियों को टर्मिनेट करने और मुकदमे दर्ज करने जैसी कार्रवाई से आंदोलन खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को नियमित करने और खाली पदों पर भर्ती सहित अन्य मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।
शास्त्री ने दावा किया कि वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने सफाई कर्मचारियों को नियमित करने का लिखित वादा किया था, लेकिन इसे अब तक पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कानूनी अड़चन की बात कही जाती है, जबकि विधानसभा में बहुमत होने के कारण सरकार जरूरत पड़ने पर नया कानून बनाकर कर्मचारियों को नियमित करने का रास्ता निकाल सकती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने के बजाय उनके खिलाफ कार्रवाई कर आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। शास्त्री ने महिला और पुरुष कर्मचारियों पर मुकदमे दर्ज करने तथा हिरासत में लेने की कार्रवाई का भी विरोध किया। उन्होंने दावा किया कि ऐसी कार्रवाई से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
नरेश शास्त्री ने आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले रोहित और कुलदीप के परिजनों के लिए एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही कच्चे और पैरोल कर्मचारियों को नियमित करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन जारी रहेगा।
Editor: शिवानी राजपूत



