यमुनानगर | पुलिस टीम पर हमला मामले में 6 और आरोपी गिरफ्तार : अब तक 9 आरोपी दबोचे | दो आरोपी पुलिस रिमांड पर | अन्य की तलाश जारी
यमुनानगर

यमुनानगर। थाना रादौर पुलिस ने डेहा बस्ती में पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में छह और आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि दो आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में थाना रादौर पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि 16 जून को करनाल सीआईए की टीम नशा तस्करी के एक आरोपी को पकड़ने के लिए डेहा बस्ती पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। हमले के दौरान आरोपी राजेंद्र को भी पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया गया था।
पुलिस ने इस मामले में दर्ज मुकदमे के तहत कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान दर्शन पुत्र रामस्वरूप, महीपाल पुत्र दौलतराम निवासी गांव छोटा बांस (रादौर), शीना पत्नी सूरज, चांदनी पत्नी रमजान निवासी प्रेम नगर, सढौरा (हाल निवासी छोटा बांस), नीतू पत्नी महीपाल तथा रमजाना पत्नी सन्नी के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दर्शन और महीपाल को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य लोगों और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब तक कुल नौ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।



