Yamunanagar News | जगाधरी रोड बना नॉन वेंडिंग जोन : 125 रेहड़ियां शिफ्ट | मनोहर वेंडिंग जोन में मिले बूथ

कन्हैया साहिब चौक से जगाधरी बस स्टैंड तक जगाधरी रोड को नगर निगम ने नॉन वेंडिंग जोन बना दिया है। सड़क किनारे सब्जी, फल और फास्ट फूड की रेहड़ी लगाने वाले 125 विक्रेताओं को मनोहर वेंडिंग जोन में शिफ्ट कर बूथ अलॉट किए गए हैं।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देश पर अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार के नेतृत्व में रेहड़ी संचालकों को ड्रॉ के माध्यम से बूथ आवंटित किए गए। निगम के अनुसार अब कन्हैया साहिब चौक से जगाधरी बस स्टैंड तक सड़क किनारे रेहड़ी लगाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कुछ दिन पहले निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद की अध्यक्षता में हुई टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में शहर के प्रमुख चौकों को नॉन वेंडिंग जोन बनाने का निर्णय लिया गया था। इसी बैठक में जगाधरी रोड पर लगने वाली करीब 125 रेहड़ियों को मनोहर वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करने पर सहमति बनी थी।
निर्णय के बाद नगर निगम ने जगाधरी रोड पर सब्जी, फल और फास्ट फूड बेचने वाले रेहड़ी संचालकों की सूची तैयार की। मनोहर वेंडिंग जोन में बिजली, पानी और सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के बाद विक्रेताओं को बूथ आवंटित किए गए।
अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने बताया कि निर्धारित वेंडिंग जोन में शिफ्ट होने से रेहड़ी संचालकों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा। वहीं जगाधरी रोड से रेहड़ियां हटने के बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से अन्य मार्गों पर लगने वाली रेहड़ियों को भी चरणबद्ध तरीके से निर्धारित वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में रेहड़ी संचालकों और उपलब्ध स्थानों को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि शहर के प्रमुख चौकों और सड़कों पर रेहड़ियां लगने से कई स्थानों पर यातायात बाधित होता है। इसी को देखते हुए मुख्य चौकों को भी नॉन वेंडिंग जोन बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य रेहड़ी संचालकों को हटाना नहीं, बल्कि उन्हें व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना है। इससे विक्रेताओं को निर्धारित जगह मिलने के साथ शहर में यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर करने में मदद मिलेगी।



