Yamunanagar News | राजकीय बहुतकनीकी में नशामुक्ति कार्यक्रम : 550 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग | नशे के खिलाफ दिलाई शपथ

राजकीय बहुतकनीकी राजपुर में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो की ओर से नशे के खिलाफ एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्यूरो के अनुसार यह उसका 112वां व्यापक जागरूकता कार्यक्रम था, जिसमें 550 से अधिक विद्यार्थियों और करीब 35 शिक्षकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार के दिशा-निर्देशन और फरीदाबाद के संयुक्त आयुक्त एवं ब्यूरो के उप पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में किया गया। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों से स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति अभियान में भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ संस्कार, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हरियाणा में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान की जानकारी भी दी गई। प्रतिबंधित नशीले पदार्थों से संबंधित सूचना पुलिस और संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाने के लिए उपलब्ध माध्यमों के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। संस्थान के उप प्राचार्य राज कुमार चौहान, देव सुमन वर्मा, संदीप तंवर और भीम सिंह सहित शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. अशोक कुमार वर्मा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
Editor: शिवानी राजपूत



