Yamunanagar News | मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे BLO : फॉर्म-6 लेने से नहीं कर सकेंगे इनकार | अनुपस्थित मिलने पर होगी कार्रवाई

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रीति ने विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत ड्यूटी पर लगाए गए सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्धारित स्थान पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ मतदाताओं से फॉर्म-6 ऑनलाइन लेने और स्वीकार करने के साथ फॉर्म-7 से संबंधित आपत्तियां भी प्राप्त करेंगे।
डीसी प्रीति ने स्पष्ट किया कि कोई भी बीएलओ निर्धारित आवेदन या फॉर्म लेने से इनकार नहीं कर सकता। आम नागरिक शपथ पत्र के साथ अपनी आपत्ति बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं। उन्होंने मतदाता सूची में नाम संबंधी त्रुटियों को लेकर जारी नोटिसों से जुड़ी अनावश्यक आपत्तियों का भी नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष अभियान की निर्धारित तिथियों पर निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, उप-जिला निर्वाचन अधिकारियों और बीएलओ सुपरवाइजरों को मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारी विशेष अभियान के दौरान यह जांच करेंगे कि संबंधित बीएलओ अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर उपस्थित हैं या नहीं। डीसी ने कहा कि विशेष अभियान की तिथियों पर सभी बीएलओ को अपनी ड्यूटी सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान कोई बीएलओ अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके खिलाफ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाए और इसकी जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय को दी जाए।
Editor: शिवानी राजपूत



