Yamunanagar News | मतदाता सूची पर 30 सितंबर तक दावे-आपत्तियां : चार दिन चलेगा विशेष अभियान | मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे BLO

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी प्रीति ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 तक कर दी है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत जिले में चार विशेष अभियान तिथियां भी निर्धारित की गई हैं।
डीसी प्रीति ने बताया कि 12, 13, 26 और 27 सितंबर को सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन चारों दिन बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे और पात्र लोगों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान शनिवार और रविवार को रखा गया है, ताकि पात्र मतदाता मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित अपने दावे और आपत्तियां आसानी से प्रस्तुत कर सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, उप-जिला निर्वाचन अधिकारियों और BLO सुपरवाइजरों को विशेष अभियान के दौरान मतदान केंद्रों की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि निर्धारित तिथियों पर सभी BLO अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहें। निरीक्षण के दौरान किसी मतदान केंद्र पर BLO के अनुपस्थित मिलने पर भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार कार्रवाई करने और इसकी जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय को देने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी प्रीति ने पात्र लोगों से निर्धारित अवधि के दौरान मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने तथा विशेष अभियान की तिथियों का लाभ उठाने की अपील की है।
Editor: शिवानी राजपूत



