अटेली | मच्छरों पर नगर पालिका का प्रहार : पूरे शहर में चलाया फॉगिंग अभियान | डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए विशेष पहल

अटेली। बरसात के मौसम में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर नियंत्रण पाने के लिए नगर पालिका अटेली ने बुधवार को पूरे कस्बे में विशेष फॉगिंग अभियान चलाया। नगर पालिका सचिव प्रशांत पाराशर की देखरेख में चलाए गए इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों, मुख्य मार्गों और संकरी गलियों में व्यापक स्तर पर फॉगिंग कराई गई, ताकि लोगों को मच्छरों से होने वाली बीमारियों से राहत मिल सके।
अभियान के दौरान नगर पालिका की टीम ने संकरी गलियों में मोटरसाइकिल के माध्यम से तथा मुख्य मार्गों और चौड़ी सड़कों पर ट्रैक्टर की सहायता से फॉगिंग की। इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों ने विभिन्न वार्डों में घरों के आसपास दवा का छिड़काव भी किया, जिससे मच्छरों के लार्वा को नष्ट कर उनके प्रजनन पर रोक लगाई जा सके।
नगर पालिका सचिव प्रशांत पाराशर ने बताया कि बरसात के मौसम में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ जाता है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा समय-समय पर फॉगिंग अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। कूलर, गमलों, टंकियों और अन्य स्थानों पर जमा पानी को नियमित रूप से खाली करें, ताकि मच्छरों के पनपने की संभावना कम हो सके।
प्रशांत पाराशर ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में मच्छरों की समस्या अधिक है तो संबंधित क्षेत्र के नागरिक इसकी सूचना नगर पालिका को दें, ताकि वहां तत्काल फॉगिंग और आवश्यक दवा का छिड़काव कराया जा सके। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही मच्छरजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
नगर पालिका ने स्पष्ट किया कि शहरवासियों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमित फॉगिंग और सफाई व्यवस्था के माध्यम से मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।



