Ateli News | मोबाइल की लत और रिश्तों पर बच्चों को किया जागरूक : डिजिटल उपकरणों के सही इस्तेमाल पर जोर | छात्राओं को बताए अधिकार

राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मोबाइल फोन की बढ़ती लत, डिजिटल उपकरणों के सही इस्तेमाल, पारिवारिक एवं सामाजिक रिश्तों, महिला अधिकारों और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को डिजिटल उपकरणों के सकारात्मक और संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करने के साथ पारिवारिक एवं सामाजिक रिश्तों की अहमियत समझाना रहा। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पढ़ाई, परिवार और सामाजिक जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया।
कैथल के सरकारी अस्पताल में मॉनिटरिंग एंड इवेल्यूएशन ऑफिसर डॉ. विनय गुप्ता ने विशेष वक्ता के रूप में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से जुड़ी परेशानियों, सोशल मीडिया पर बढ़ती निर्भरता और डिजिटल दुनिया के साथ वास्तविक जीवन के रिश्तों में संतुलन बनाए रखने के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों का उपयोग पढ़ाई, जानकारी और सकारात्मक गतिविधियों के लिए करने की अपील की। साथ ही परिवार और आसपास के लोगों के साथ संवाद बनाए रखने तथा वास्तविक सामाजिक रिश्तों को महत्व देने का संदेश दिया।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य भारती सैनी ने छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए और अपने अधिकारों की जानकारी रखनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं को मिले अधिकारों का सकारात्मक उपयोग करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. मेधा मित्तल ने छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने और सही जानकारी के आधार पर अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने का संदेश दिया।
‘हॉकी वाली सरपंच’ के नाम से प्रसिद्ध नीरू यादव ने भी छात्राओं से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा और आत्मविश्वास के माध्यम से लड़कियां विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ सकती हैं। उन्होंने अपने गांव में किए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अटेली मंडी की समाजसेविका खुशबू सिंघल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। महिला वाइस चेयरमैन स्नेह लता खींची, पार्षद अलका यादव और प्रेमलता भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के आयोजक जितेंद्र सिंघल और प्रधान संजय अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सामाजिक, स्वास्थ्य और डिजिटल विषयों पर मार्गदर्शन देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



