Ateli News | दो गांवों में विशाल भंडारे : सावन के आखिरी मंगलवार को उमड़े श्रद्धालु | मंदिरों में टेका मत्था

क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों के मंदिरों में सावन महीने के आखिरी मंगलवार को विशाल भंडारों का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे और मत्था टेककर मन्नत मांगी। श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर बाबा का आशीर्वाद लिया।
गांव पृथ्वीपुरा की सीमा से सटे बाबा चित्था मंदिर में गांव निवासी रामसिंह की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सावन के आखिरी मंगलवार के चलते सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था।

बाबा चित्था मंदिर से पृथ्वीपुरा, राजपुरा और राजस्थान के गांव कायसा सहित आसपास के अनेक गांवों के लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। भंडारे के दौरान आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण किया।
वहीं गांव छापड़ा सलीमपुर स्थित बाबा रूपा दास मंदिर परिसर में भी ग्रामीणों की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर मत्था टेका और प्रसाद ग्रहण किया।
दोनों मंदिरों में सावन के आखिरी मंगलवार को धार्मिक माहौल बना रहा। आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और भंडारे में शामिल हुए।



