Mahendragarh News | विश्वकर्मा जयंती समारोह के लिए जांगिड़ समाज को निमंत्रण : रोहताश जांगड़ा ने की बैठक | 17 सितंबर को महेंद्रगढ़ पहुंचने का आह्वान

महेंद्रगढ़ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह को लेकर हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने कनीना में जांगिड़ समाज के लोगों के साथ बैठक की। उन्होंने समाज के लोगों को समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का निमंत्रण दिया। बैठक में करीब 20 गांवों से जांगिड़ समाज के प्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए।
रोहताश जांगड़ा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा केवल एक समाज के आराध्य नहीं, बल्कि 36 बिरादरी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा ने निर्माण, शिल्प और तकनीक के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उनके आदर्श आज भी मेहनतकश वर्ग के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि जांगिड़ समाज का देश और प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज ने अपनी कला, कौशल और मेहनत के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जयंती समाज के गौरव और समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने का अवसर है।
रोहताश जांगड़ा ने बताया कि 17 सितंबर को महेंद्रगढ़ में राज्य स्तरीय भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। उनके अनुसार समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को निमंत्रण दिया गया है। समारोह को लेकर तैयारियों की समीक्षा भी की जा रही है।

उन्होंने जांगिड़ समाज के लोगों से गांव-गांव संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में महेंद्रगढ़ पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भगवान विश्वकर्मा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का अवसर भी है।
बैठक में मुकेश नंबरदार, सतीश जांगड़ा सहित करीब 20 गांवों से आए जांगिड़ समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने समारोह को सफल बनाने के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया।
Editor: गरिमा बागोतिया



