Narnaul News | पुलिस के नाम पर पैसे मांगे तो सीधे एसपी को दें सूचना : दीपक कुमार ने जारी किए संपर्क नंबर | शिकायत पर होगी जांच

महेंद्रगढ़ जिला पुलिस ने आमजन और पुलिस के बीच सीधा संवाद मजबूत करने की दिशा में नई पहल की है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस के नाम पर रिश्वत या किसी तरह की धनराशि मांगता है, पुलिस से काम करवाने के नाम पर पैसे मांगता है, शिकायत की सुनवाई नहीं होती या किसी पुलिस अधिकारी-कर्मचारी द्वारा अनुचित व्यवहार किया जाता है तो नागरिक बिना किसी बिचौलिए के सीधे पुलिस अधीक्षक तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऐसी शिकायत या सूचना उनके मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर 7027792100 पर साझा की जा सकती है। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक कार्यालय नारनौल की कंप्लेंट शाखा के नंबर 01282-251022 और सुरक्षा शाखा प्रभारी नारनौल के मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर 7056606138 पर भी संपर्क किया जा सकता है। शिकायत ई-मेल के माध्यम से [email protected] पर भी भेजी जा सकती है।
पुलिस के अनुसार, प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं का तथ्यों के आधार पर परीक्षण किया जाएगा और मामले के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि पुलिस से जुड़े किसी काम के लिए पैसे मांगने वाले व्यक्ति या पुलिस अधिकारी से विशेष पहचान होने का दावा करने वाले बिचौलियों के झांसे में न आएं।
दीपक कुमार ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति यह कहता है कि उसकी किसी थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी या वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से विशेष पहचान है और वह पैसे लेकर पुलिस से कोई काम करवा सकता है, तो नागरिक इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पहले ऐसी किसी घटना का सामना कर चुके लोग भी उपलब्ध माध्यमों से इसकी सूचना दे सकते हैं।
इसी तरह यदि किसी नागरिक ने थाना, चौकी या किसी अन्य पुलिस इकाई में शिकायत दी है और उसे लगता है कि उसकी उचित सुनवाई नहीं हुई, शिकायत पर अनावश्यक देरी की जा रही है या उसके साथ अनुचित व्यवहार किया गया है तो वह सीधे पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इसके लिए किसी सिफारिश या बिचौलिए की जरूरत नहीं है।
जिला पुलिस ने शिकायत व्यवस्था के दुरुपयोग को लेकर भी लोगों को आगाह किया है। पुलिस के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर झूठी या भ्रामक सूचना देकर किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान कराने या पुलिस की वैध शक्ति का गलत इस्तेमाल कराने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस ने साथ ही स्पष्ट किया है कि केवल शिकायत के आरोप जांच में साबित नहीं होने से शिकायतकर्ता को झूठा नहीं माना जाएगा। कार्रवाई उन्हीं मामलों में होगी, जहां जांच में यह सामने आए कि शिकायत जानबूझकर झूठी, दुर्भावनापूर्ण या किसी व्यक्ति को फंसाने के उद्देश्य से की गई थी। वास्तविक पीड़ित और सद्भावना से सूचना देने वाले नागरिकों से बिना भय या संकोच के पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई है।
जिला पुलिस ने अपराध और नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में भी आमजन से सहयोग मांगा है। पुलिस के अनुसार, अवैध नशे की बिक्री, तस्करी, नशीले पदार्थों के कारोबार, अपराधियों या अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी भी दिए गए मोबाइल, व्हाट्सएप नंबरों या ई-मेल पर साझा की जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को यथासंभव गोपनीय रखने की बात कही गई है।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने कहा कि सुरक्षित महेंद्रगढ़ का निर्माण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका है। उन्होंने कहा कि आमजन का विश्वास प्रभावी पुलिस व्यवस्था की मजबूत नींव है और पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जिला पुलिस की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि किसी नागरिक को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि उसकी बात सुनने वाला कोई नहीं है या न्याय पाने के लिए उसे अनावश्यक रूप से भटकना पड़ेगा। उन्होंने भ्रष्टाचार, अनुचित व्यवहार, अवैध नशे और आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जिम्मेदारी के साथ पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।
जिला पुलिस ने सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों और जिम्मेदार नागरिकों से भी इस पहल की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया है। पुलिस का कहना है कि समय पर दी गई सही सूचना अपराध और भ्रष्टाचार पर कार्रवाई में मददगार हो सकती है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था तैयार करना भी है जिसमें प्रत्येक नागरिक बिना भय, दबाव या संकोच के अपनी वास्तविक शिकायत और सूचना पुलिस तक पहुंचा सके। जिला पुलिस ने पारदर्शी कार्यप्रणाली, शिकायतों के निष्पक्ष निस्तारण और जनविश्वास को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई है।
Editor: शिवानी राजपूत



