Nangal Chaudhary News | नांगल पीपा में पेयजल संकट : एक ट्यूबवेल 2 महीने से बंद | दूसरे की पाइपलाइन चार जगह टूटी

नांगल चौधरी। गांव नांगल पीपा में पेयजल व्यवस्था को लेकर ग्रामीण परेशान हैं। ग्राम पंचायत के अनुसार गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए लगाए गए दो ट्यूबवेल में से एक करीब दो महीने से बंद है, जबकि दूसरे ट्यूबवेल की पाइपलाइन चार स्थानों से क्षतिग्रस्त है। इससे एक तरफ गांव में पर्याप्त पेयजल नहीं पहुंच पा रहा, वहीं दूसरी तरफ पाइपलाइन से निकलने वाला पानी रास्तों में जमा हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या करीब दो महीने से बनी हुई है। एक ट्यूबवेल बंद होने के कारण गांव की पेयजल आपूर्ति दूसरे ट्यूबवेल पर निर्भर है, लेकिन उसकी पाइपलाइन भी कई स्थानों से टूटी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक इससे पानी की बर्बादी होने के साथ गांव के रास्तों पर जलभराव की स्थिति बन रही है और आवागमन में परेशानी हो रही है।

ग्रामीण सुबेराम, बिल्लू, देशराज, जलेसिंह, शेरसिंह, सचिन, मोहित और सुरेश ने बताया कि दोनों ट्यूबवेल से जुड़ी समस्याओं के कारण नियमित पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी होने के बावजूद अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

ग्राम पंचायत नांगल पीपा के सरपंच रामनरेश के अनुसार समस्या को लेकर पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग के एसडीओ महेश से फोन पर संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद संबंधित जेई नरेश से बातचीत हुई और उन्होंने समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।

सरपंच का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद अभी तक मौके पर समस्या का समाधान नहीं हुआ है। पंचायत की ओर से विभाग को लगातार स्थिति से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से बंद पड़े ट्यूबवेल को जल्द चालू कराने और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत करवाने की मांग की है।
सरपंच रामनरेश ने संबंधित विभाग को समस्या के समाधान के लिए दो दिन का समय दिया है। उनका कहना है कि इसके बाद भी व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ जिला उपायुक्त से मिलकर शिकायत की जाएगी।
मामले में पब्लिक हेल्थ विभाग के एसडीओ महेश का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। ऐसे में विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
Editor: नितिन यादव



