Narnaul News | जन्माष्टमी कार्यक्रम में पहुंचीं आरती सिंह राव : यादव धर्मशाला को ₹21 लाख | स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया जोर

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि गीता का संदेश आज भी समाज को कर्तव्य, सेवा और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए गीता की शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करना जरूरी है। वह गुरुवार को यादव कल्याण सभा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं।
कार्यक्रम में पहुंचने पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने यादव धर्मशाला के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।

आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार गीता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से गीता महोत्सव का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और गीता का उपदेश धार्मिक आस्था के साथ कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव की भी प्रेरणा देता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि स्वास्थ्य ढांचे को लगातार मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। विभाग में खाली पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने की प्रक्रिया जारी है, ताकि लोगों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास गांवों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग में मानव संसाधन और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव ने भी क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और शांति को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक बहादुर सिंह, मोहित चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव, यादव सभा के महासचिव सूबेदार कंवर सिंह, कोषाध्यक्ष मास्टर जय सिंह, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश एडवोकेट सहित यादव सभा के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



