Jhunjhunu News | निकाय चुनाव से पहले पुलिस अलर्ट : अपराधियों पर कड़ी निगरानी के निर्देश | थानों में शालीन व्यवहार पर जोर
आगामी नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए झुंझुनूं पुलिस ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन झुंझुनूं के सभागार में जिले की अपराध समीक्षा बैठक ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश, डीआईजी कार्मिक एवं मुख्य स्टाफ अधिकारी कुंवर राष्ट्रदीप, जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत, एएसपी क्यूआईडीटी फूलचंद मीणा सहित जिले के विभिन्न पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने जिले की अपराध स्थिति की समीक्षा करते हुए हार्डकोर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक गांव और मोहल्ले से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों की जानकारी अपडेट रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने पुलिस के सूचना और आसूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए। डीजीपी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सूचनाएं अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके लिए सीएलजी और युवा सीएलजी सदस्यों के साथ लगातार संवाद और समन्वय बनाए रखा जाए।

नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने को कहा गया। डीजीपी ने अधिकारियों को चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की नियमित समीक्षा करने और जरूरत के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।
अपराध समीक्षा के साथ डीजीपी ने पुलिस थानों में आने वाले आम लोगों के साथ किए जाने वाले व्यवहार पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपनी शिकायत अथवा समस्या लेकर थाने पहुंचने वाले परिवादियों से पुलिसकर्मी विनम्र और शालीन व्यवहार करें तथा उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनें।

उन्होंने थानों के स्वागत कक्षों में साफ-सफाई के साथ बिजली और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आमजन को पुलिस थानों में बेहतर माहौल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा गया।
बैठक में यातायात व्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर भी चर्चा हुई। डीजीपी ने यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा सड़क हादसों को कम करने की दिशा में लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए।

साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती को देखते हुए आमजन को साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता गतिविधियों को लगातार जारी रखने को कहा।
अपराध समीक्षा बैठक के बाद पुलिस थाना सदर झुंझुनूं में युवा सीएलजी सदस्यों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। युवा सदस्यों को पुलिस के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके बाद डीजीपी राजीव कुमार शर्मा, आईजी राहुल प्रकाश, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार परिसर में पौधारोपण किया।
डीजीपी ने सदर पुलिस थाना झुंझुनूं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने थाना परिसर, स्वागत कक्ष, हवालात, मालखाना और कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही पुलिस सेवाओं की समीक्षा की गई।
उन्होंने लंबित प्रकरणों का जल्द निस्तारण करने, सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने और थाने में आने वाले परिवादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
Editor: गरिमा बागोतिया



