Narnaul News | सरकारी कामकाज सरल बनाने को मनेगा रिफॉर्म उत्सव : 2 अक्टूबर को हर पंचायत में जन मंथन सभा | जनता से लिए जाएंगे सुझाव

आम नागरिकों के लिए शासन-प्रशासन से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से रिफॉर्म उत्सव मनाया जाएगा। इस पहल के माध्यम से सरकारी कामकाज में सुधार के लिए आम लोगों से सुझाव लिए जाएंगे और उपयोगी सुझावों को नीति-निर्धारकों तक पहुंचाकर व्यवस्था में लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसी को लेकर गुरुवार को हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। जिला महेंद्रगढ़ की ओर से उपायुक्त अनुपमा अंजली बैठक में शामिल हुईं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद डीसी अनुपमा अंजली ने बताया कि रिफॉर्म उत्सव का उद्देश्य आम आदमी की आवाज को नीति-निर्धारकों तक पहुंचाना और सरकारी सेवाओं एवं प्रक्रियाओं को नागरिकों की जरूरत के अनुसार अधिक सरल बनाना है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिला प्रशासन इस पहल को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए योजनाबद्ध ढंग से काम करेगा।

उन्होंने बताया कि रिफॉर्म उत्सव के तहत आम नागरिकों से सरकारी व्यवस्था में सुधार से संबंधित सुझाव लिए जाएंगे। प्राप्त सुझावों की समीक्षा और छंटनी की जाएगी तथा उपयोगी सुझावों को संबंधित विभागों के माध्यम से लागू करने की दिशा में कार्रवाई होगी। पूरी प्रक्रिया के लिए समय-सीमा भी निर्धारित की गई है।
डीसी ने बताया कि अभियान को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में सभी संबंधित विभाग अपने-अपने नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे। इसके साथ रिफॉर्म उत्सव के बारे में लोगों को जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
अभियान का महत्वपूर्ण चरण 2 अक्टूबर को होगा। इस दिन जिले की प्रत्येक पंचायत में जन मंथन सभा आयोजित की जाएगी। इन सभाओं में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक एक साथ बैठकर सरकारी कामकाज और सेवाओं को बेहतर बनाने से संबंधित अपने सुझाव साझा करेंगे।
जन मंथन सभाओं में मिलने वाले सुझावों को एकत्र करने के बाद संबंधित विभाग उनकी समीक्षा करेंगे। अक्टूबर से नवंबर के बीच विचार-विमर्श की प्रक्रिया चलेगी, जिसमें सुझावों की उपयोगिता और उन्हें लागू करने की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
सुझावों को मुख्य रूप से तुरंत लागू किए जा सकने वाले सुधारों और लंबी अवधि में लागू होने वाले सुधारों की श्रेणी में बांटा जाएगा। जिन सुझावों पर तत्काल कार्रवाई संभव होगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
उपायुक्त के अनुसार तुरंत लागू किए जा सकने वाले उपयोगी सुझावों को 20 दिसंबर तक अमल में लाकर संबंधित पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। जिन सुधारों को लागू करने के लिए अधिक समय, संसाधन अथवा विस्तृत प्रक्रिया की आवश्यकता होगी, उनके लिए अलग से रोडमैप तैयार किया जाएगा।
इसके बाद 25 से 27 दिसंबर तक संकल्प सिद्धि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें रिफॉर्म उत्सव के तहत बेहतर कार्य और योगदान करने वाले जिलों तथा लोगों को सम्मानित किए जाने की योजना है।
डीसी अनुपमा अंजली ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तर पर एक समन्वय समिति भी गठित की जाएगी। यह समिति विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाले सुझावों को एकत्र करने, हेल्प डेस्क संचालित करने और निर्धारित समय पर संबंधित रिपोर्ट भेजने का कार्य करेगी।
जिला प्रशासन की ओर से अलग-अलग विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि नागरिकों से मिलने वाले सुझावों को गंभीरता से लिया जाए और उपयोगी सुझावों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई हो।

डीसी ने जिलावासियों से रिफॉर्म उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था और सेवाओं को बेहतर एवं सरल बनाने के लिए नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। लोग अपने अनुभवों के आधार पर ऐसे सुझाव दें, जिनसे सरकारी प्रक्रियाओं को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान कनीना एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह, जिला परिषद के सीईओ निर्मल नागर, डीएमसी रणबीर सिंह, आरटीए मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे
Editor: गरिमा बागोतिया



