नारनौल में पर्यावरण संरक्षण की पहल : पारशुराम चौक पर शुरू हुआ वृक्षारोपण अभियान | पीपल, बरगद और कदम के पौधे लगाए

नारनौल। ग्लोबल एनवायरनमेंट ऑर्गनाइजेशन और नगर परिषद नारनौल के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को पारशुराम चौक पर वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री नीलम ने पीपल, बरगद और कदम के पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री नीलम ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने ग्लोबल एनवायरनमेंट ऑर्गनाइजेशन की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाने की बात कही।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी जोगिंदर सिंह कालीरामना ने कहा कि नगर परिषद शहर को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अभियान के सफल आयोजन के लिए ग्लोबल एनवायरनमेंट ऑर्गनाइजेशन और संस्था के चेयरमैन दीपक शर्मा का आभार व्यक्त किया।
संस्था के चेयरमैन दीपक शर्मा ने बताया कि उनकी संस्था अब तक हजारों पौधे लगा चुकी है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति वृक्षारोपण करना चाहता है, संस्था की ओर से उसे निशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में एडवोकेट पवन शर्मा, एडवोकेट सुरेंद्र सिंह धिल्लों, एडवोकेट मुकेश रावल, एडवोकेट महावीर सिंह गुर्जर, पृथ्वी पाल गुरुजी, मनीष फौजदार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



