विशेष जल संरक्षण अभियान : 13 अवैध पेयजल कनेक्शन काटे | जल संरक्षण के प्रति किया जागरूक | विभाग ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

नारनौल। विशेष जल संरक्षण अभियान के तहत ग्राम जल एवं सीवरेज समिति, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग तथा जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन की टीम ने गांव बास खुड़ाना में डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान पेयजल की बर्बादी रोकने और अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई करते हुए 13 अवैध पेयजल कनेक्शन काटे गए।

सरपंच रत्न लाल ने बताया कि गांव में पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायतें लगातार मिल रही थीं। पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होने के बावजूद कई क्षेत्रों तक पानी नहीं पहुंच रहा था। जांच में पेयजल का दुरुपयोग, खेती में पेयजल का इस्तेमाल, नलों पर टोंटी या वाल्व नहीं लगाने तथा मुख्य पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन लेने के मामले सामने आए, जिन पर कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि पेयजल एवं सीवरेज संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग के टोल-फ्री नंबर 1800-180-5678 तथा लैंडलाइन नंबर 01282-260562 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
जिला सलाहकार मंगतु राम सरसवा ने कहा कि जिले की 343 ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन के तहत ग्राम जल एवं सीवरेज समितियां कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जल गुणवत्ता बनाए रखना बेहद जरूरी है। नागरिक पेयजल की बर्बादी रोकें, पाइपलाइन में रिसाव होने पर तुरंत मरम्मत करवाएं, प्रत्येक नल पर टोंटी या वाल्व लगाएं तथा समय-समय पर पानी की गुणवत्ता की जांच भी कराते रहें।



