मेडिकल कॉलेज के मंच से सियासी बयानबाजी तेज : आरती सिंह राव और डॉ. अभय सिंह यादव के बयान चर्चा में | समर्थकों का शक्ति प्रदर्शन भी बना चर्चा का विषय

रेवाड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महर्षि च्यवन ऋषि मेडिकल कॉलेज और राव तुलाराम अस्पताल के वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव के बयानों ने राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया। कार्यक्रम में दोनों नेताओं के समर्थकों का शक्ति प्रदर्शन भी चर्चा का विषय रहा।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अभय सिंह यादव ने मेडिकल कॉलेज से अपने भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए इसकी तुलना बेटी के कन्यादान से की। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए भावनाओं से जुड़ा विषय है।
वहीं स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि किसी एक व्यक्ति के होने या न होने से किसी काम पर कोई विशेष फर्क नहीं पड़ता और मेडिकल कॉलेज सभी के सहयोग से आगे बढ़ेगा।
स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. अभय सिंह यादव ने कहा कि यदि यह टिप्पणी उनकी ओर इशारा थी, तो वह केवल इतना कहना चाहेंगे कि "अनुभव और नादानी में बहुत फर्क होता है।"
उन्होंने कहा कि उनका बयान पूरी तरह भावनात्मक था और किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल पर निशाना साधने के उद्देश्य से नहीं दिया गया था। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के रहने या न रहने से दुनिया का काम नहीं रुकता, लेकिन उन्हें स्वास्थ्य मंत्री के बयान का संदर्भ समझ नहीं आया।



