नारनौल | मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला : एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने दिए सटीक सत्यापन के निर्देश

नारनौल। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पंचायत भवन, नारनौल में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अनिरुद्ध यादव ने की। इसमें नारनौल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) और सुपरवाइजर्स ने भाग लिया।
एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ऐसी सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, जिसमें सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल हों। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसे पूरी गंभीरता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने सभी बीएलए-2 और सुपरवाइजर्स को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर संबंधित बीएलओ तथा मतदाताओं के साथ बैठक आयोजित करें। बीएलओ द्वारा साझा की जाने वाली अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लिकेट मतदाताओं की सूची का स्वयं भी सत्यापन करें। यदि सूची सही पाई जाती है तो उस पर अपने हस्ताक्षर कर पुष्टि करें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह प्रमाणिक और त्रुटिरहित बनाई जा सके।
एसडीएम ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी और प्रतिनिधि आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से कार्य करें, जिससे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके और कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षक साकेत कुमार ने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बीएलए-2 और सुपरवाइजर्स को पुनरीक्षण प्रक्रिया, नियमों तथा तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी, ताकि फील्ड स्तर पर कार्य करते समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।



