नारनौल | पुलिस अधिकारियों को जीरो एफआईआर और कानूनी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण : सीजेएम ने जांच में पारदर्शिता पर दिया जोर

नारनौल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की चेयरपर्सन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. रितु वाई.के. बहल के दिशा-निर्देशानुसार जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर सेंटर के कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस एवं जांच अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) नीलम कुमारी ने की।
कार्यशाला के दौरान सीजेएम नीलम कुमारी ने पुलिस अधिकारियों को प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने की प्रक्रिया से लेकर आरोपी की गिरफ्तारी तक अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रियाओं और नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से 'जीरो एफआईआर' की अवधारणा और उसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्षेत्राधिकार की बाध्यता के बिना भी पीड़ित को तत्काल कानूनी सहायता और राहत उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने जांच अधिकारियों को जांच से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं की जानकारी पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं का उद्देश्य पुलिस और न्यायपालिका के बीच समन्वय को मजबूत करना तथा किशोर न्याय और अन्य संवेदनशील कानूनी विषयों पर अधिकारियों को प्रशिक्षित करना है।
सीजेएम ने पीड़ित मुआवजा योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि एसिड अटैक, दुष्कर्म, हत्या तथा गंभीर दुर्घटनाओं जैसे मामलों में पीड़ितों और उनके आश्रितों को शीघ्र वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अपील की कि वे आमजन को इस योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक पात्र लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने में सहयोग करें।
उन्होंने 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी देते हुए अधिकारियों से अधिक से अधिक लंबित एवं शमनीय मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराने के लिए लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन 15100 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नारनौल के हेल्पलाइन नंबर 01282-250322 पर संपर्क किया जा सकता है।
कार्यशाला में डीएसपी भारत भूषण सहित जिले के सभी थाना प्रबंधक, जांच अधिकारी एवं जुवेनाइल वेलफेयर अधिकारी उपस्थित रहे।




