Narnaul News | रोजगार उद्यमिता जागरूकता कैम्प आयोजित : सरकारी योजनाओं की दी जानकारी | बैंक ऋण प्रक्रिया समझाई

हरियाणा सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेशभर में 21 अगस्त से 5 सितंबर तक मनाए जा रहे उद्यमिता पखवाड़े के अंतर्गत जिला रोजगार कार्यालय की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नारनौल में एक दिवसीय रोजगार उद्यमिता जागरूकता कैम्प का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को सरकारी योजनाओं, स्वरोजगार और बैंक ऋण प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
जिला रोजगार अधिकारी रणजीत सिंह ने युवाओं को उद्यमिता से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने स्वरोजगार शुरू करने और एक सफल उद्यमी बनने के लिए जरूरी व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देते हुए युवाओं को उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
रणजीत सिंह ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से रोजगार के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों पर भी ध्यान देने का आह्वान किया।
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान नसीबपुर से कुलदीप यादव ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए संचालित लघु अवधि के प्रशिक्षण कोर्सों की जानकारी दी। इसके साथ ही पंजाब नेशनल बैंक के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने के लिए उपलब्ध ऋण और उसकी प्रक्रिया से युवाओं को अवगत कराया।
कार्यक्रम में युक्ती भारद्वाज ने वर्तमान समय में उभरते व्यवसायों और भविष्य की कारोबारी संभावनाओं पर जानकारी साझा की। उन्होंने व्यवसाय का चयन करते समय आने वाली चुनौतियों और उनका सामना करने के तरीकों पर चर्चा की।
उन्होंने युवाओं को सफल उद्यमी बनने के लिए योजना बनाकर काम करने, बाजार की जरूरतों को समझने और बदलते कारोबारी अवसरों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य विनोद कुमार खनगवाल ने अतिथियों, वक्ताओं और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रोजगार कार्यालय से सहायक सतीश कुमार, लिपिक मुकेश कुमार तथा आईटीआई से एनसीसी के मेजर बिरेन्द्र सिंह, वर्ग अनुदेशक नीरज सिंह सहित अन्य लोग और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



