Nizampur News | घाटाशेर में खूनी संघर्ष : अतर सिंह को लगी तीन गोलियां | छह राउंड फायर का दावा
थाना क्षेत्र के गांव घाटाशेर में बुधवार देर रात करीब 11 बजे दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान हुई फायरिंग में गांव निवासी अतर सिंह को तीन गोलियां लगने की सूचना है। करीब छह राउंड फायर किए जाने का दावा किया जा रहा है। गंभीर हालत में अतर सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत विकास उर्फ बब्लू की कार के शीशे टूटने को लेकर हुई। बताया जा रहा है कि कार में विकास उर्फ घाटा, सचिन और उसके दो साथी किसी बात को लेकर कहासुनी कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कार के शीशे तोड़ दिए गए।

कार के शीशे टूटने की जानकारी मिलने पर अतर सिंह अपने भतीजे विकास उर्फ बब्लू की कार को नुकसान पहुंचाए जाने से नाराज होकर विकास उर्फ घाटा के घर के सामने पहुंच गया। वहां दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान विकास उर्फ घाटा घर से हथियार लेकर बाहर आया और अतर सिंह पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में अतर सिंह को तीन गोलियां लगीं। वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और निजामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से साक्ष्य जुटाए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी विकास उर्फ घाटा के खिलाफ निजामपुर थाने में पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। मामले में हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फायरिंग में इस्तेमाल हथियार की भी तलाश की जा रही है।



