Nangal Chaudhary News | दोंगली में DC का जनता दरबार : 35 शिकायतें पहुंचीं | 2 मामलों में जांच के आदेश

गांव दोंगली में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान महेंद्रगढ़-नारनौल की उपायुक्त अनुपमा अंजली ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उपायुक्त ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे। उपायुक्त अनुपमा अंजली ने इन स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से ग्रामीणों के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

इसके बाद उपायुक्त ग्रामीणों के बीच पहुंचीं और उनकी शिकायतें तथा समस्याएं सीधे सुनीं। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली और विकास कार्यों सहित विभिन्न मुद्दे प्रशासन के सामने रखे। संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान करीब 30 से 35 शिकायतें सामने आई हैं। इनमें दो मामलों में जांच के आदेश दिए गए हैं। बाकी शिकायतों को समाधान और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनका समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए। जिन मामलों में जांच की आवश्यकता है, उनमें तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सीधे सुनना और उनका समाधान करवाना है। इस तरह के कार्यक्रमों से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं जिला प्रशासन के सामने रखने का अवसर मिलता है और संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांव से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के साथ विकास कार्यों की मांग भी प्रशासन के सामने रखी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से इन मामलों की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशासन की ओर से अधिकारियों को शिकायतों पर की गई कार्रवाई की निगरानी करने और लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



