Faridabad News | वायरल ऑडियो पर कार्रवाई की मांग : नीरज शर्मा ने उठाए सवाल | SIT जांच की मांग

भोजपुरी अवधी समाज, डबुआ कॉलोनी में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने नगर निगम फरीदाबाद के एक वरिष्ठ अधिकारी के नाम से वायरल हो रहे कथित ऑडियो को लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि ऑडियो में बिहार मूल के लोगों के लिए कथित तौर पर बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कर ऑडियो की सत्यता सामने लाई जानी चाहिए।
नीरज शर्मा ने कहा कि यदि जांच में यह ऑडियो सही पाया जाता है तो यह बेहद गंभीर मामला है। किसी भी व्यक्ति या समुदाय को उसकी क्षेत्रीय पहचान के आधार पर अपमानित करना स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि बिहार और झारखंड से आए लोगों का फरीदाबाद के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनके सम्मान से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि जिस अधिकारी के नाम से कथित ऑडियो वायरल हो रहा है, मामले की जांच पूरी होने तक उसके खिलाफ उचित विभागीय कार्रवाई की जाए। साथ ही निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी को फरीदाबाद से बाहर स्थानांतरित करने पर भी विचार किया जाए।
पूर्व विधायक ने पूरे प्रकरण की SIT से जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में सबसे पहले यह स्पष्ट होना चाहिए कि वायरल ऑडियो असली है या नहीं और उसमें सुनाई दे रही आवाज किसकी है। इसके बाद तथ्यों और कानून के आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी चाहिए।
नीरज शर्मा ने कहा कि यदि जांच में ऑडियो प्रमाणित होता है और किसी तरह का आपराधिक कृत्य सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ लागू कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए। इसके साथ ही दोष सिद्ध होने की स्थिति में कठोर विभागीय कार्रवाई भी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद औद्योगिक शहर है और यहां बिहार, झारखंड समेत देश के अलग-अलग राज्यों से आए बड़ी संख्या में लोग रहते और काम करते हैं। इन लोगों ने शहर के औद्योगिक, व्यावसायिक और सामाजिक विकास में योगदान दिया है। ऐसे में किसी भी क्षेत्र के लोगों के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है।
नीरज शर्मा ने मांग की कि आरोप सही साबित होने पर संबंधित अधिकारी से बिहार-झारखंड मूल के नागरिकों और फरीदाबाद की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई जाए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में प्रशासन को जल्द स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि वायरल ऑडियो को लेकर बने विवाद की सच्चाई लोगों के सामने आ सके।
प्रेसवार्ता में भोजपुरी अवधी समाज के संयोजक रमाकांत तिवारी, अध्यक्ष रघुवर दयाल, एनआईटी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण सिंह, पूर्व पार्षद दया शंकर गिरी, राम रेखा यादव और मधुसूदन झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



