पुलिस और हिस्ट्रीशीटर के बीच मुठभेड़ : दौंगड़ा अहीर के पास घायल हुआ सोमवीर | CIA महेंद्रगढ़ ने किया गिरफ्तार | मारपीट, लूट और फिरौती समेत कई मामले दर्ज

महेंद्रगढ़ जिले में आज सुबह गांव दौंगड़ा अहीर के पास सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गांव बाघोत निवासी सोमवीर घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार सोमवीर हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में मारपीट, जान से मारने की धमकी, हत्या के प्रयास, लूट और फिरौती मांगने सहित कई मामले दर्ज हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव भालखी और दौंगड़ा अहीर के आसपास सोमवीर बाइक पर जा रहा है। सूचना मिलने के बाद सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम सक्रिय हुई और उसकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने सोमवीर का पीछा किया और इसी दौरान दौंगड़ा अहीर के पास पुलिस और सोमवीर के बीच मुठभेड़ हो गई।

मुठभेड़ के दौरान सोमवीर घायल होकर गिर गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक सोमवीर के खिलाफ कनीना और महेंद्रगढ़ थाने के अलावा अन्य थानों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सबसे अधिक मामले मारपीट से संबंधित बताए जा रहे हैं। इसके अलावा उस पर जान से मारने की धमकी देने, हत्या के प्रयास, लूट और फिरौती मांगने जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े मामले भी दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस अब मुठभेड़ की पूरी परिस्थितियों और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटा रही है। पुलिस की ओर से अभी घटना के संबंध में सीमित आधिकारिक जानकारी ही साझा की गई है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश यादव ने बताया कि सीआईए महेंद्रगढ़ और सोमवीर के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें सोमवीर घायल हुआ है और उसका उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी मिलने के बाद साझा की जाएगी।



