राजीव गांधी की जयंती मनाई : सद्भावना दिवस का आयोजन | प्रतिमा पर पुष्प अर्पित

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती वीरवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सद्भावना दिवस के रूप में मनाई। कांग्रेस जिला अध्यक्ष सत्यवीर यादव झुकिया के नेतृत्व में राजीव गांधी चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके कार्यकाल और आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को याद किया गया।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष सत्यवीर यादव झुकिया ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उनके कार्यकाल में कंप्यूटर, टेलीकॉम और सूचना-संचार के क्षेत्र में तेजी से बदलाव आया तथा नई तकनीक को बढ़ावा मिला।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की सोच भारत को आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की थी। संचार सुविधाओं के विस्तार और कंप्यूटर तकनीक को बढ़ावा देने से देश में आगे चलकर सूचना प्रौद्योगिकी के विकास का रास्ता मजबूत हुआ।
झुकिया ने कहा कि राजीव गांधी सरकार के कार्यकाल में संविधान संशोधन के माध्यम से मतदान की न्यूनतम आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सीधे भाग लेने और मतदान करने का अधिकार मिला।
उन्होंने कहा कि गांवों में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में भी राजीव गांधी ने महत्वपूर्ण पहल की। स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ाने और सत्ता के विकेंद्रीकरण को लेकर उनके प्रयासों को आज भी याद किया जाता है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 1986 में जवाहर नवोदय विद्यालयों की शुरुआत की गई। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना था।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में देश की एकता, अखंडता और शांति स्थापित करने की दिशा में भी कई कदम उठाए गए। असम, पंजाब और मिजोरम से जुड़े समझौतों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तत्कालीन सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में बनी परिस्थितियों का बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया।
सत्यवीर यादव झुकिया ने कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच आधुनिक भारत के निर्माण से जुड़ी रही। तकनीक, शिक्षा, युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में रिटायर्ड सेशन जज राकेश यादव, एडवोकेट कवींद्र यादव, डॉ. धीरज शर्मा, महिला जिला अध्यक्ष डॉ. राजवती यादव, महासचिव प्रेम यादव, विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों और जिला कार्यकारिणी के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को याद किया। कार्यक्रम के दौरान सद्भावना और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया गया।



