Chandigarh News | हरियाणा पुलिस में बड़ा फेरबदल : 30 अधिकारियों के तबादले | कई जिलों के SP बदले

हरियाणा सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 30 पुलिस अधिकारियों के तबादला एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। इनमें 29 IPS और एक HPS अधिकारी शामिल हैं। बदलाव के तहत करनाल, भिवानी, पानीपत, नारनौल और पलवल समेत कई जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार करनाल के एसपी नरेंद्र बिजारणियां का तबादला कर उन्हें स्पेशल टास्क फोर्स (STF) में एसपी नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर IPS कर्ण गोयल को करनाल का नया पुलिस अधीक्षक लगाया गया है। STF में दो IPS अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। नरेंद्र बिजारणियां के साथ IPS सुमित कुमार को भी एसपी STF की जिम्मेदारी दी गई है।


IPS दीप्ति गर्ग को पानीपत का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। IPS मेधा भूषण को पलवल एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं IPS मयंक मिश्रा को भिवानी का एसपी लगाया गया है।
नारनौल में भी पुलिस अधीक्षक बदला गया है। IPS फेबिना पी को नारनौल की नई पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत अन्य पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।
इसके अलावा IPS संदीप खिरवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में अतिरिक्त महानिदेशक से पदोन्नत कर स्पेशल डायरेक्टर जनरल के पद पर नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई है। प्रदेश सरकार की ओर से जारी तबादला आदेशों के बाद संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
Editor: शिवानी राजपूत



