रेवाड़ी | टींट उप स्वास्थ्य केंद्र को मिला पीएचसी का दर्जा : ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी | जिला प्रमुख मनोज यादव ने जताया आभार
हरियाणा सरकार ने रेवाड़ी के टिंट गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने की मंजूरी दी।

रेवाड़ी | हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए रेवाड़ी जिले के गांव टींट के उप-स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के रूप में अपग्रेड करने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। सरकार के इस फैसले से टींट गांव और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है, क्योंकि अब उन्हें बुनियादी और आपातकालीन इलाज के लिए दूरदराज के इलाकों या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
इस महत्वपूर्ण निर्णय के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि क्षेत्र के निवासियों ने उनसे मुलाकात कर इस संबंध में एक विशेष मांग की थी। ग्रामीणों का तर्क था कि टींट गांव और आसपास के इलाके की बढ़ती हुई जनसंख्या को देखते हुए वर्तमान में संचालित उप-स्वास्थ्य केंद्र की क्षमताएं कम पड़ रही हैं, इसलिए चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए इसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिया जाना बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने जनता की इस मांग को जायज ठहराते हुए कहा कि लोगों की सेहत और उनकी सुविधाओं को सर्वोपरि रखना सरकार की प्राथमिकता है। इसी के मद्देनजर ग्रामीणों की इस पुरानी मांग को पूरा करते हुए विभाग द्वारा स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। केंद्र के अपग्रेड होने से अब यहाँ डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर ही चौबीसों घंटे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, प्रसव सुविधाएं और बुनियादी जांचें सुलभ हो सकेंगी।
इस मौके पर जिला प्रमुख मनोज यादव सहित टिंट गांव के गणमान्य लोगों ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कैबिनेट मंत्री आरती राव का आभार जताया।



