रेवाड़ी | बारिश से जलभराव : सर्कुलर रोड-महेंद्रगढ़ चौक पर लंबा जाम
रेवाड़ी में बारिश ने यातायात व्यवस्था को प्रभावित किया, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।

रेवाड़ी | बारिश ने शहर की यातायात व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। मंगलवार को हुई तेज बरसात के बाद शहर के प्रमुख मार्ग सर्कुलर रोड और नाई वाली सहित महेंद्रगढ़ चौक पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आम लोगों, वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़कों पर पानी भर जाने के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई और कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया।

बरसात के चलते दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। वहीं ऑटो, ई-रिक्शा, कार और भारी वाहन भी घंटों तक जाम में फंसे रहे। स्कूल और कार्यालय से लौट रहे लोगों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा। जलभराव के कारण कई वाहन बीच सड़क में बंद हो गए, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक इंचार्ज बलवंत सिंह अपने स्टाफ के साथ लगातार मोर्चा संभाले रहे। उन्होंने स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात को नियंत्रित किया और जाम खुलवाने के लिए काफी मशक्कत की। ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से भी वाहनों को निकालने का प्रयास किया, जिससे धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान सर्कुलर रोड और महेंद्रगढ़ चौक पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। लोगों ने नगर प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और बरसात से पहले आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में नागरिकों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। बारिश के बाद एक बार फिर शहर की आधारभूत सुविधाओं और जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।



