सतनाली | 10 बूथों पर BLO-BLE बैठकें आयोजित : ASDD सूची का सार्वजनिक सत्यापन किया गया
सतनाली में BLO-BLE बैठकें आयोजित कर मतदाता सूची का सत्यापन किया गया। नागरिकों से आपत्तियां दर्ज कराने की अपील की गई।

सतनाली | भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत शनिवार को सतनाली क्षेत्र के 10 मतदान केंद्रों पर BLO-BLE बैठकें आयोजित कर मतदाता सूची के सत्यापन की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया। उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) योगेश कुमार सैनी के मार्गदर्शन में सुपरवाइजर विजय कुमार पारीक की देखरेख में आयोजित इन बैठकों में ASDD सूची का सार्वजनिक रूप से पठन किया गया तथा उपस्थित बीएलई, ग्रामीणों और मतदाताओं से सूची का अवलोकन कर आवश्यक आपत्तियां दर्ज कराने का आग्रह किया गया।
सुपरवाइजर विजय कुमार पारीक ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि का समय रहते समाधान करना है। उन्होंने बताया कि यदि ASDD सूची में किसी पात्र मतदाता के नाम, विवरण या अन्य जानकारी को लेकर कोई आपत्ति या संशोधन आवश्यक है तो संबंधित व्यक्ति अपने क्षेत्र के बीएलओ से तत्काल संपर्क कर निर्धारित प्रपत्र, आवश्यक दस्तावेज एवं नवीनतम फोटो उपलब्ध कराएं। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त दावों पर कार्रवाई संभव नहीं होगी, इसलिए सभी मतदाता समय रहते प्रक्रिया पूरी करें। 
बैठकों के दौरान बूथ संख्या 8, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 20, 21 एवं 22 पर संबंधित बीएलओ, भाजपा एवं कांग्रेस के बीएलई, नंबरदार, चौकीदार, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी बीएलओ ने अपने-अपने बूथ की ASDD सूची उपस्थित लोगों के समक्ष साझा कर उसका सार्वजनिक पठन किया तथा प्रत्येक नाम का सत्यापन कराया। उपस्थित लोगों को दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे। पूरे क्षेत्र में बैठकें शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।



