Faridabad News | 11 साल से फरार PO मुंबई से गिरफ्तार : 2015 में हुआ था घोषित | कोर्ट ने भेजा जेल

फरीदाबाद। वर्ष 2011 में दर्ज चोरी के प्रयास के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी (PO) को थाना तिगांव पुलिस ने मुंबई के दादर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी शेखर गांव बदरौला का रहने वाला है और वर्ष 2015 में अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपी शेखर के खिलाफ वर्ष 2011 में थाना तिगांव में चोरी के प्रयास से संबंधित मामला दर्ज किया गया था। मामले की न्यायिक प्रक्रिया के दौरान आरोपी अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद वर्ष 2015 में अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तिगांव पुलिस टीम ने आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई। जांच में उसके मुंबई में होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दादर, मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी करीब 22 वर्षों से मुंबई में रह रहा था। पुलिस के अनुसार वर्ष 2011 में वह अपने गांव बदरौला आया था और इसी दौरान थाना तिगांव क्षेत्र में दर्ज चोरी के प्रयास के मामले में उसका नाम सामने आया। इसके बाद वह वापस मुंबई चला गया और वहीं रहने लगा।
पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ मुंबई में भी एक मामला दर्ज होने की बात सामने आई है। हालांकि उस मामले की प्रकृति और मौजूदा स्थिति को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
तिगांव थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद संबंधित अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Editor: नितिन यादव



