Faridabad News | फर्जी वेबसाइट से ₹1.05 लाख की ठगी : वेबसाइट उपलब्ध कराने वाला गिरफ्तार | भेजा जेल

फरीदाबाद। फर्जी वेबसाइट के जरिए एक व्यक्ति से 1 लाख 4 हजार 999 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के डीग निवासी अब्बास के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 3 सितंबर को राजस्थान के पाली से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार डबुआ कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 3 अगस्त को उसे अपने क्रेडिट कार्ड से अपने बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर करने थे। इसी दौरान उसने इंटरनेट पर मिली एक वेबसाइट का इस्तेमाल किया और वहां मांगी गई जानकारी भरने के बाद उसके क्रेडिट कार्ड से 35 हजार रुपये कट गए, लेकिन रकम उसके बैंक खाते में जमा नहीं हुई।
शिकायत के मुताबिक इसके कुछ समय बाद उसके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को संबंधित पेमेंट सेवा से जुड़ा बताते हुए ट्रांजेक्शन पूरा करने के नाम पर KYC की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान शिकायतकर्ता से OTP और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली गई।
इसके बाद शिकायतकर्ता के क्रेडिट कार्ड से दो अन्य ट्रांजेक्शन में 66 हजार 999 रुपये निकाल लिए गए। इस तरह शिकायतकर्ता के साथ कुल 1 लाख 4 हजार 999 रुपये की साइबर ठगी हुई। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता ने जिस वेबसाइट का इस्तेमाल किया था, वह फर्जी थी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अब्बास ने यह वेबसाइट साइबर ठगी करने वाले लोगों को उपलब्ध कराई थी। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के पाली से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ट्रक चालक का काम करता है।
आरोपी को गिरफ्तारी के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। साइबर थाना NIT पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और ठगी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Editor: नितिन यादव



