Faridabad News | वाउचर के ऑफर से ₹92,655 की ठगी : दो खाताधारक गिरफ्तार | भेजे जेल

फरीदाबाद। क्रेडिट कार्ड पर दो हजार रुपये का वाउचर मिलने का ऑफर देकर 92 हजार 655 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने दो खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दिल्ली के प्रेम नगर निवासी नितिन (20) और उपेंद्र (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 3 सितंबर को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-43 निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को कथित तौर पर HDFC बैंक का कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड पर दो हजार रुपये का वाउचर मिलने की बात कही।
शिकायत के मुताबिक वाउचर का लाभ दिलाने के नाम पर कॉल करने वाले ने क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी मांगी। शिकायतकर्ता ने उसकी बातों में आकर OTP साझा कर दिया, जिसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से 92 हजार 655 रुपये कट गए। ठगी का पता चलने के बाद मामले की शिकायत साइबर पुलिस को दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी के 92 हजार 655 रुपये नितिन के बैंक खाते में आए थे। इसके बाद इस रकम में से 20 हजार 200 रुपये दूसरी लेयर में उपेंद्र के खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसी आधार पर साइबर थाना NIT की टीम ने दोनों खाताधारकों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार नितिन फिलहाल बेरोजगार है, जबकि उपेंद्र दिल्ली में मोबाइल की दुकान चलाता है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में ठगी करने वाले अन्य लोगों और रुपये के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
Editor: नितिन यादव



