Faridabad News | मारपीट-फायरिंग मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार : चाकू से हमले का भी आरोप | दो दिन के पुलिस रिमांड पर

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के थाना आदर्श नगर क्षेत्र में युवक से मारपीट, फायरिंग, चाकू से हमला और जान से मारने की धमकी देने के मामले में क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुभाष कॉलोनी निवासी संतोष और पंकज के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बल्लभगढ़ निवासी पुनीत ने शिकायत में बताया कि 8 सितंबर 2026 की शाम वह दवाई लेने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में रोहित और संतोष ने उसे रोककर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद वह मामले को लेकर बातचीत करने आरोपियों के पास पहुंचा। वहां पंकज, रोहित, संतोष, भोला और अन्य लोग मौजूद थे। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और पुनीत व उसके साथियों के साथ मारपीट की गई।
शिकायत में फायरिंग करने और पुनीत के एक साथी पर चाकू से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की शिकायत मिलने पर थाना आदर्श नगर में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने कार्रवाई करते हुए संतोष और पंकज को गिरफ्तार किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक ही क्षेत्र के रहने वाले हैं और कुछ दिन पहले भी उनके बीच कहासुनी हुई थी।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Editor: नितिन यादव



