Faridabad News | वाहन चोरी के मामलों में 6 आरोपी गिरफ्तार : 5 मोटरसाइकिल बरामद | सभी न्यायिक हिरासत में

फरीदाबाद। पुलिस की विभिन्न अपराध शाखाओं ने वाहन चोरी के अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद की हैं। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अपराध शाखा NIT ने थाना डबुआ में मई 2023 में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में गांव पाली निवासी नरेश को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
अपराध शाखा सेक्टर-48 ने थाना सूरजकुंड क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मामले में बड़खल निवासी आलिम और SGM नगर निवासी आमिर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
AVTS-2 की टीम ने थाना भूपानी के वाहन चोरी मामले में उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित अजय नगर निवासी फैजल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
AVTS सिकरोना ने थाना मुजेसर क्षेत्र से चोरी की मोटरसाइकिल के साथ राजस्थान के डीग स्थित सुनहेरा निवासी मोहित को गिरफ्तार किया। आरोपी फिलहाल फरीदाबाद के समयपुर में रह रहा था।
इसी तरह अपराध शाखा सेक्टर-30 ने थाना पल्ला में दर्ज वाहन चोरी के मामले में नॉर्थ वेस्ट दिल्ली निवासी हरविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस के अनुसार अलग-अलग मामलों में कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और पांच चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Editor: नितिन यादव



