Faridabad News | नवनिर्वाचित प्रधान बॉबी रावत ने वकीलों का जताया आभार : सीटों पर पहुंचकर किया धन्यवाद | कोर्ट परिसर में जश्न

फरीदाबाद डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर में सोमवार को नवनिर्वाचित बार एसोसिएशन के प्रधान बॉबी रावत और उनकी टीम ने अधिवक्ताओं की सीटों पर पहुंचकर उनका धन्यवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में वकीलों ने नवनिर्वाचित प्रधान और उनकी टीम का स्वागत किया। चुनाव में जीत के बाद कोर्ट परिसर में समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
गौरतलब है कि 11 सितंबर 2026 को फरीदाबाद बार एसोसिएशन के चुनाव संपन्न हुए थे। चुनाव में बॉबी रावत ने प्रधान पद पर जीत दर्ज की। चुनाव के बाद सोमवार को वह अपनी टीम और समर्थकों के साथ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर पहुंचे और मतदाताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें जीत के लिए धन्यवाद दिया।
इस दौरान बार काउंसिल पंजाब एवं हरियाणा के सदस्य प्रदीप परमार, वरिष्ठ अधिवक्ता शिवदत्त वशिष्ठ, जोगेंद्र चौहान, नकूल चपराना, जोगिंदर नर्वत, ओपी यादव, कंवर भान, सुमेनदर रावत और संजय गौड़ सहित अन्य अधिवक्ताओं का भी स्वागत किया गया।
नवनिर्वाचित प्रधान बॉबी रावत के कोर्ट परिसर पहुंचने पर वकीलों और समर्थकों ने फूलों की मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें नोटों की मालाएं भी पहनाई गईं। समर्थकों ने जीत की खुशी में नारे लगाए और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
जीत की खुशी में अधिवक्ताओं के बीच लड्डू और कचौड़ी भी वितरित की गई। बड़ी संख्या में वकीलों और अन्य लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। चुनाव परिणाम के बाद समर्थकों ने इसे जीत का जश्न बताया।
बॉबी रावत ने अधिवक्ताओं और मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत अकेले उनकी नहीं, बल्कि फरीदाबाद बार एसोसिएशन के प्रत्येक वकील की जीत है। उन्होंने कहा कि वकीलों ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन के सदस्यों के मान-सम्मान, कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम किया जाएगा। उन्होंने कोर्ट परिसर के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी प्राथमिकता के साथ काम करने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान महेंद्र कौशिक, प्रदीप चपराना, अनूज शर्मा, गौरव चपराना, महेश शर्मा, आमिर खान, महेंद्र चौधरी सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे। सुरक्षा और व्यवस्था के बीच कोर्ट परिसर में नवनिर्वाचित प्रधान के स्वागत और धन्यवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
Editor: शिवानी राजपूत



