Faridabad News | 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान : विपुल गोयल ने गिनाईं तैयारियां | 30 दिन में हरियाणा को मोतियाबिंद मुक्त बनाने का संकल्प

भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। हरियाणा के शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने सोमवार को फरीदाबाद स्थित भाजपा जिला कार्यालय ‘अटल कमल’ में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान में सेवा, जनकल्याण और जरूरतमंद लोगों की सहायता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है और भाजपा हर वर्ष इस दिन को सेवा दिवस के रूप में मनाती है। इस बार सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा दिवस को एक दिन तक सीमित रखने के बजाय पूरे एक महीने तक व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान में प्रदेश सरकार और भाजपा के साथ सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सेवा और योगदान की भावना से जोड़ने का प्रयास है। उनके अनुसार, सेवा कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के साथ प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में घर-घर दीप जलाने का कार्यक्रम होगा। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना के लिए दीप जलाने का आह्वान किया।
‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान के तहत स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘सेवा की कहानी’ अभियान के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की बात कही गई है। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ के तहत विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में सेवा यात्राएं आयोजित करने की योजना है।
विपुल गोयल ने बताया कि प्रदेश के 19,365 आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन उत्सव’ के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। ‘कहानी बदलाव की’ अभियान के माध्यम से लोगों के जीवन में आए बदलावों की कहानियां शक्तिकेंद्र स्तर तक पहुंचाने की योजना है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत आम नागरिकों को समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मंत्री के अनुसार, अभियान में करीब 25 प्रकार के सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इनमें वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वच्छता अभियान, जरूरतमंद लोगों की सहायता और बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना शामिल है। गंदगी और जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और ऐसे स्थानों का कायाकल्प करने की भी योजना है।
विपुल गोयल ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान हरियाणा को मोतियाबिंद मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि इस अवधि में कम से कम एक सेवा कार्य में जरूर भाग लें।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर एक सप्ताह के लिए ‘सेवा सेतु’ विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी।
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर रंगोलियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा। विद्यार्थियों और युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी एवं नवाचार से जोड़ने के लिए स्थानीय समस्याओं के समाधान पर ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किए जाएंगे।
विपुल गोयल ने कहा कि एक निर्धारित दिन देश के चार प्रमुख शहरों में ‘सुशासन सेवा संवाद’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें पंचायत से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधियों की भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि अभियान को जनभागीदारी का रूप देने का प्रयास है, ताकि समाज के हर वर्ग की इसमें सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, जिला मीडिया सह प्रभारी नरेंद्र जैन, पार्षद और युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
विपुल गोयल ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य सेवा, सुशासन और विकास के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की भी शुभकामनाएं दीं।
Editor: शिवानी राजपूत



