Kurukshetra News | नई थार में अचानक लगी आग : चंद मिनटों में जलकर राख | 700 किमी चली थी गाड़ी
जिले के शाहाबाद में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर एक नई ब्लैक थार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर शाहाबाद और अंबाला से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गाड़ी चालक अंशिल अग्रवाल निवासी बराड़ा, जिला अंबाला ने बताया कि वह बराड़ा से शाहाबाद होते हुए अंबाला कोर्ट में बार एसोसिएशन के चुनाव में वोट डालने जा रहे थे। अमन होटल के पास पहुंचने पर थार अचानक मिसिंग मारने लगी। इसके बाद डैशबोर्ड पर इंजन वार्निंग लाइट जल गई।

अंशिल के मुताबिक उन्होंने गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया और इंजन चेक करने के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान बोनट की तरफ से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुएं के साथ आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते आग पूरी गाड़ी में फैल गई।
अंशिल ने बताया कि उन्होंने 31 अगस्त को ही ब्लैक थार खरीदी थी और हादसे के समय तक गाड़ी करीब 700 किलोमीटर ही चली थी। नई गाड़ी में अचानक आग लगने से वह हैरान रह गए। आसपास मौजूद लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई।

शाहाबाद फायर स्टेशन के कर्मचारी आशीष कुमार के अनुसार करीब 12 बजे गाड़ी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद शाहाबाद और अंबाला से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक थार पूरी तरह जल चुकी थी।
आग इतनी भीषण थी कि गाड़ी का इंटीरियर, बॉडी के कई हिस्से और अन्य सामान जल गया। हादसे के बाद थार का केवल लोहे का ढांचा बचा। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग लगने से पहले गाड़ी में मिसिंग की समस्या आई और इंजन वार्निंग लाइट जली थी। इसके कुछ ही समय बाद आग भड़क गई। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह क्या रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Editor: शिवानी राजपूत



