Faridabad News | रेलवे स्टेशन पर 50 किलो गांजा बरामद : दंपती समेत 3 आरोपी गिरफ्तार | महम में सप्लाई होना था नशे का खेप

नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीआरपी फरीदाबाद की बल्लभगढ़ चौकी पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान 50 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दंपती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे को कमर्शियल क्वांटिटी बताया गया है और इसकी कीमत लाखों रुपये में बताई गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई हरियाणा रेलवे पुलिस की पुलिस अधीक्षक आईपीएस नीतिका गहलोत के निर्देशन में की गई। बल्लभगढ़ चौकी में तैनात महिला सहायक उप निरीक्षक ललिता कुमारी ने सहयोगी पुलिस कर्मचारियों के साथ रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने जोबनप्रीत और उसकी पत्नी अनीता निवासी फतेहाबाद तथा नितिन निवासी महम को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक दोनों कट्टों में कुल 50 किलो गांजा मिला।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि बरामद नशीले पदार्थ की खेप विशाखापट्टनम, आंध्र प्रदेश से महम में सप्लाई के लिए लाई जा रही थी। हालांकि नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क और इसमें अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक मामले में महिला आरोपी अनीता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि जोबनप्रीत और नितिन को पुलिस रिमांड के बाद आज अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।

जीआरपी पुलिस का कहना है कि मामले में गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले की अन्य परतें सामने आने की संभावना जताई गई है।

रेलवे स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ जीआरपी की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस द्वारा रेलवे क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी और सप्लाई पर निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है।
Editor: शिवानी राजपूत



