Faridabad News | डॉक्टर का नंबर खोजते 95,105 रुपये की साइबर ठगी : जयपुर से तीन गिरफ्तार | 3 दिन के रिमांड पर आरोपी

फरीदाबाद में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने के लिए इंटरनेट पर मोबाइल नंबर सर्च करना सैनिक कॉलोनी, सेक्टर-49 निवासी एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने फोन के जरिए उसे अपने जाल में फंसाया और उसके बैंक खाते से 95,105 रुपये निकाल लिए। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने जयपुर, राजस्थान से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश करने के बाद तीनों को आगामी पूछताछ और जांच के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सैनिक कॉलोनी, सेक्टर-49 निवासी एक व्यक्ति ने डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक कराने के उद्देश्य से इंटरनेट पर मोबाइल नंबर की तलाश की थी। इसी दौरान उसके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने बातचीत के दौरान उसकी पत्नी का नाम सहित अन्य जानकारी पूछी और उसे विश्वास में ले लिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से 2 जुलाई को चार अनधिकृत UPI ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 95,105 रुपये निकाल लिए गए।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने साइबर ठगी से जुड़े आरोपितों की पहचान करते हुए जयपुर में कार्रवाई की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना NIT की टीम ने 14 सितंबर को राहुल निवासी ए.के. गोपालन नगर, जयपुर, रवि निवासी गणेश नगर, जयपुर तथा यश निवासी शारदा कॉलोनी, जयपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि राहुल खाताधारक है और उसने स्मार्ट ऐज सॉल्यूशन नाम से एक फर्म के नाम पर करंट खाता खुलवाया था। पुलिस के अनुसार, इसी खाते को रवि और यश के माध्यम से साइबर ठगों तक पहुंचाया गया था।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 79,892 रुपये उक्त खाते में आए थे। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपित यश जयपुर हाई कोर्ट में वकालत करता है, जबकि रवि जयपुर में कोचिंग देने का काम करता है।
साइबर थाना NIT की टीम ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद माननीय अदालत में पेश किया। अदालत से आगामी पूछताछ एवं जांच के लिए तीनों आरोपितों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Editor: गरिमा बागोतिया



