Faridabad News | 83 किलो अवैध पटाखे बरामद : घर में बिक्री के लिए रखे थे | क्राइम ब्रांच ने आरोपी दबोचा

फरीदाबाद में आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने न्यू तिलपत कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए घर में अवैध रूप से पटाखे रखकर बेचने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से 83 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहताश (55 वर्ष), निवासी न्यू तिलपत कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 14 सितम्बर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि न्यू तिलपत कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपने घर में अवैध रूप से बिक्री के लिए पटाखे छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर पहुंचकर आरोपी रोहताश को उसके घर से काबू कर लिया।

घर की तलाशी लेने पर पुलिस को 83 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इन पटाखों को आगरा, उत्तर प्रदेश से करीब 20 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। आरोपी इन पटाखों को त्योहारी सीजन में अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था।
फरीदाबाद पुलिस की ओर से आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से पटाखों का भंडारण या बिक्री की जा रही हो तो इसकी सूचना फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल नंबर 9999150000, 129-2227200, डायल 112 या स्थानीय पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की जानकारी गुप्त रखी जाएगी।
Editor: गरिमा बागोतिया



