Faridabad News | दो पुलिसकर्मियों की मौत के मामले में ट्रक चालक गिरफ्तार : 8 सितंबर को पुलिस ने पकड़ा | कोर्ट ने भेजा जेल

फरीदाबाद। सोहना-बल्लभगढ़ रोड पर गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों की सड़क हादसे में मौत के मामले में पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी की टीम ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नवाब अली निवासी महियदीपुर, यमुनानगर के रूप में हुई है। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सिपाही नवीन कुमार और अभिषेक पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी में तैनात थे। 26 अगस्त को दोनों सरकारी मोटरसाइकिल पर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सोहना-बल्लभगढ़ रोड स्थित सीएनजी पंप के पास उनकी मोटरसाइकिल की एक ट्रक से टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से चला गया था। मामले में थाना सारन पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक को पहले ही कब्जे में ले लिया था। मामले में आगे कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी की टीम ने 8 सितंबर को आरोपी चालक नवाब अली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Editor: नितिन यादव



