Faridabad News | वाहन चोरी में दो गिरफ्तार : चोरी की मोटरसाइकिल बरामद | पल्ला क्षेत्र की एक और वारदात का खुलासा

फरीदाबाद पुलिस द्वारा वाहन चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपितों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दो आरोपितों को प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने एक चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, थाना पल्ला में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने 14 सितंबर को रहीश उर्फ अमरूद्दीन निवासी मामूद नगर, जिला अलीगढ़ और सकील निवासी गांव सूरतगढ़, जिला अलीगढ़, हाल निवासी गोंडा रोड, निबरी मोड़, अलीगढ़ को नीमका जेल से प्रोडक्शन पर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपितों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर एक चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दोनों आरोपित थाना पल्ला क्षेत्र स्थित एक मकान में चोरी के मामले में जेल में बंद थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने पल्ला क्षेत्र के एक अन्य मकान में भी चोरी की वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया है। पुलिस द्वारा इस मामले में भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी के मामले की जांच जारी है और आरोपितों से पूछताछ के आधार पर सामने आए अन्य तथ्यों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
Editor: गरिमा बागोतिया



